कानपुर में सड़क किनारे युवक की लाश से सनसनी, पास में नशे में मिला घायल; ट्रक के पहियों पर खून के निशान से गहराया रहस्य

कानपुर में सड़क किनारे युवक की लाश से सनसनी, पास में नशे में मिला घायल; ट्रक के पहियों पर खून के निशान से गहराया रहस्य

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव के कुछ दूरी पर एक युवक भी घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके नशे में होने की बात सामने आई है। पास खड़े ट्रक के पहियों पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों की नजर सुबह सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने यूपी डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पनकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को शव से कुछ दूरी पर एक युवक घायल मिला, जो नशे की हालत में था। पूछताछ के दौरान वह घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक रात में ट्रक के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान किसी कारण से हादसा हुआ होगा। हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर ट्रक और आसपास से मिले साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रक के पहियों पर मिले खून के निशान का संबंध मृतक से है या नहीं।

मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज या मोबाइल नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी का ब्योरा जुटाने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पनकी थाना प्रभारी दिनेश कुमार भट्ट ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *