कानपुर। कानपु नगर में गंगा नदी के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की है। सोमवार को कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.80 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर 114 मीटर से महज 20 सेंटीमीटर नीचे है। रविवार को यह 113.77 मीटर था। वहीं डाउनस्ट्रीम का जलस्तर 113.53 मीटर दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 113.05 मीटर से 48 सेंटीमीटर अधिक है।

बैराज से पानी का डिस्चार्ज भी बढ़ा है। सोमवार को 3,15,702 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 2,16,768 क्यूसेक था। यानी 98,934 क्यूसेक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि डिस्चार्ज अभी खतरे के स्तर 5,44,373 क्यूसेक से काफी नीचे है।शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़ा है। सोमवार को यहां जलस्तर 112.29 मीटर रहा, जो रविवार के 111.71 मीटर से 58 सेंटीमीटर अधिक है। यह चेतावनी स्तर 113 मीटर से 71 सेंटीमीटर नीचे है। हरिद्वार बैराज से 1,18,853 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 86,985 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निगरानी बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर में होने वाले बदलाव की नियमित निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

