कानपुर में पुलिस से मुठभेड़, बाइक लूट का आरोपी आशीष उर्फ काशी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

कानपुर में पुलिस से मुठभेड़, बाइक लूट का आरोपी आशीष उर्फ काशी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान फायरिंग कर भाग रहे बाइक लूट के आरोपित को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि साढ़ पुलिस दरगाही लाल नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कच्चा साढ़ की ओर से बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपित की पहचान आशीष उर्फ काशी निवासी दललेपुर, थाना बिधनू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपित बाइक लूट की घटना में शामिल था। उसने अपने साथियों के साथ साढ़ क्षेत्र के देवसक गांव में दंपती पर हमला करने के बाद बाइक लूट की थी।

पुलिस ने घायल आरोपित को पहले भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल आरोपित का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से असलहा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *