कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में जिम जाते समय 11वीं कक्षा के छात्र की बाइक अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से टकरा गई। हादसे में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

रतनलाल नगर निवासी इशप्रीत सिंह (18) एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। शनिवार शाम वह अपनी बाइक से जिम जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में एचआईजी पुल के पास उसकी बाइक अचानक पुल की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता गगनदीप सिंह ने बताया कि उनका बेटा नियमित रूप से जिम जाता था। आज भी वह बाइक से जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। इसमें उसकी जान चली गई हैं।
गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

