कानपुर में तेज रफ्तार डंपर ने छीनी शादी की खुशियां, रैपिडो से मेडिकल उपकरण लेकर जा रहे युवक की दर्दनाक मौत

कानपुर में तेज रफ्तार डंपर ने छीनी शादी की खुशियां, रैपिडो से मेडिकल उपकरण लेकर जा रहे युवक की दर्दनाक मौत

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डीपीएस स्कूल के पास बुधवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से रेपिडो स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला।

बर्रा निवासी फैजान (30) एसए हेल्थ टेक कंपनी में करीब तीन महीने से काम कर रहा था। बुधवार को बिठूर स्थित पारस अस्पताल में एक मरीज के हार्ट का ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन के लिए आवश्यक मेडिकल उपकरण लेकर फैजान ने सुबह करीब सात बजे बर्रा से रेपिडो बुक की थी। स्कूटी प्रांजुल मिश्रा चला रहा था।

दोनों बिठूर की ओर जा रहे थे। डीपीएस स्कूल के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों सड़क पर जा गिरे। इसके बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा। इसी दौरान फैजान डंपर के पहिये की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रांजुल भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फैजान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल प्रांजुल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कंपनी में फैजान के सहकर्मी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि फैजान का स्वभाव मिलनसार था और कम समय में ही वह कर्मचारियों के बीच घुल-मिल गया था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उसका बड़ा भाई नूर आलम है। फैजान की शादी तय हो चुकी थी और इसी साल दिसंबर में विवाह होना था। हादसे की सूचना उसके भाई को दे दी गई है।

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डंपर की पहचान कर चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *