कानपुर में डांसर की संदिग्ध मौत से हड़कंप, गले पर मिले चोट के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर में डांसर की संदिग्ध मौत से हड़कंप, गले पर मिले चोट के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर। चकेरी के घाऊखेड़ा में बुधवार को डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह घर के कमरे में बेड पर अचेत मिला था। गले पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मोहल्ले के एक युवक पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान घाऊखेड़ा निवासी कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू (21) के रूप में हुई। उसके पिता शम्भूनाथ पासवान जाजमऊ की टेनरी में काम करते हैं। मां गीता देवी ने बताया कि आज जब बेटा काफी देर तक सो कर नहीं उठा तो वह उसे जगाने पहुंची तो देखा कि उसका मुंह तकिए से ढका था। आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिला। बड़े बेटे ऋषभ को जगाने के बाद परिजन कृष्ण को निजी अस्पताल ले गए, जहां से कांशीराम अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ऋषभ ने बताया कि कृष्ण का मोहल्ले के एक युवक से पुराना विवाद था। आरोप है कि 21 सितंबर को कृष्ण से मारपीट और गाली-गलौज की गई थी। इसके बाद घर पर पथराव भी हुआ, जिसमें उनकी मां के पैर में चोट लगी थी। परिजनों के अनुसार कृष्ण इस मामले में गवाह था और उसे गवाही देने पर धमकी दी गई थी।

कृष्ण डांस करता था और नौ अक्टूबर को उसे दिल्ली में ऑडिशन देना था। वह इसकी तैयारी कर रहा था। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच कराई जा रही है। गले पर मिले चोट के निशानों की विशेषज्ञ टीम से जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *