कानपुर में चांदी कारखाने में 45 लाख की चोरी, छत के रास्ते घुसकर 18 किलो चांदी ले गया चोर

कानपुर में चांदी कारखाने में 45 लाख की चोरी, छत के रास्ते घुसकर 18 किलो चांदी ले गया चोर

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित पोखरपुर में सोमवार तड़के चांदी प्रसंस्करण कारखाने में घुसे चोर ने 18 किलो चांदी पार कर दी। चोरी गई चांदी की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलने पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोर की तलाश में जुटी है।

महाराष्ट्र के मूल निवासी नितिन टोपे की नयागंज में दुकान है। वह नौबस्ता के संजय गांधी नगर में रहते हैं। पोखरपुर स्थित पवन दाल मिल परिसर में उनका चांदी प्रसंस्करण कारखाना भी है। यहां बाजार से लाई गई चांदी को प्रसंस्कृत करने का काम कराया जाता है। नितिन शुक्रवार को कारखाने में चांदी लेकर आए थे। प्रसंस्करण के बाद चांदी को परिसर में ही सुरक्षित रख दिया था।

सोमवार तड़के चोर छत के रास्ते रस्सी के सहारे कारखाने के भीतर दाखिल हुआ। इसके बाद वहां रखी 18 किलो चांदी समेटकर फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी होने पर कारखाना मालिक मौके पर पहुंचे। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही चोर के आने-जाने के रास्ते की भी जांच की।

एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *