औरैया सीएचसी में उपचार के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

औरैया सीएचसी में उपचार के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को समझाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के कैझरी गांव निवासी पिंकी पत्नी सियाराम की शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक द्वारा महिला का उपचार शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि समय पर समुचित उपचार न मिलने और चिकित्सकीय लापरवाही के कारण पिंकी की जान चली गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

वहीं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जयवीर सिंह ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि महिला गंभीर रूप से डिहाइड्रेशन की शिकार थी। अस्पताल पहुंचने के बाद उसे आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया जा रहा था, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से स्पष्ट रूप से इनकार किया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने रविवार की सुबह बताया कि काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *