औरैया सिलेंडर विस्फोट में घायल 18 वर्षीय शिवम की दिल्ली में मौत, परिजनों ने दी तहरीर

औरैया सिलेंडर विस्फोट में घायल 18 वर्षीय शिवम की दिल्ली में मौत, परिजनों ने दी तहरीर

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र 13 सितंबर को मुरादगंज चौराहे स्थित शिव शंभू स्वीट हाउस के गोदाम के बेसमेंट में हुए सिलेंडर विस्फोट में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय शिवम प्रजापति की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार देर शाम शिवम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात मुरादगंज चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हादसा 13 सितंबर को शिव शंभू स्वीट हाउस के गोदाम के बेसमेंट में हुआ था। यहां रखे सिलेंडरों में से एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया था। विस्फोट इतना जोरदार था कि बेसमेंट की छत तक क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे में शिवम प्रजापति के अलावा विपिन (22), अतुल (19) और गौरव (19) भी घायल हुए थे। चारों स्वीट हाउस में कर्मचारी थे। गंभीर हालत को देखते हुए शिवम समेत दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया था।

शिवम मुरादगंज के जगतपुर गांव का रहने वाला था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता सज्जन बाबू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।

हादसे के बाद पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। बुधवार रात करीब 11 बजे परिजन और ग्रामीण मुरादगंज चौकी पहुंचे और शिवम की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत की सूचना पुलिस को दी।

क्षेत्राधिकारी अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई है। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *