औरैया में सनसनी: अस्पताल स्टाफ पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर बीएमएस डॉक्टर ने यमुना में लगाई छलांग, तलाश जारी

औरैया में सनसनी: अस्पताल स्टाफ पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर बीएमएस डॉक्टर ने यमुना में लगाई छलांग, तलाश जारी

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में औरैया शहर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत बीएमएस डॉक्टर द्वारा यमुना नदी में छलांग लगाए जाने की सूचना से बुधवार शाम जिले में सनसनी फैल गई। नदी में कूदने से पहले डॉक्टर ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट कर अस्पताल प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए तथा उन्हें अपनी संभावित मौत का जिम्मेदार बताया। घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम डॉक्टर की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी निवासी डॉ. सौरभ बाजपेई शहर के तिलक नगर स्थित चड्ढा टॉकीज के पास संचालित रामऔतार हॉस्पिटल में बीएमएस चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार की शाम यमुना पुल पहुंचे। वहां उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए और इसके बाद नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू कराया।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में डॉ. सौरभ ने आरोप लगाया कि अस्पताल संचालक डॉ. एसपी सिंह के जीजा सर्वेश सिंह ने कमरे को लेकर हुए विवाद में उनके साथ मारपीट की, थप्पड़ मारा, गाली-गलौज की और गर्दन दबाई। उनका कहना था कि वह पिछले तीन माह से कमरा बदलने की मांग कर रहे थे। जब कमरा नहीं मिला तो उन्होंने स्वयं सामान शिफ्ट करना शुरू किया, इसी दौरान विवाद हो गया।

वीडियो में डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद वह थाने पहुंचे, लेकिन वहां समझौता कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की अपील करते हुए कहा कि यदि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाते हैं तो इसके लिए सर्वेश सिंह, उनके बेटे और गौरव सिंह जिम्मेदार होंगे। हालांकि वीडियो में उन्होंने अस्पताल संचालक डॉ. एसपी सिंह को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं और उन्हें दोषी नहीं मानते, लेकिन उनके सामने यह सब होने से वह आहत हैं।

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस, गोताखोरों की टीम और बाद में एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया। गुरुवार सुबह तक डाक्टर का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही है और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी सिटी शैलेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद डॉ. सौरभ बाजपेई ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और नदी में डॉक्टर की तलाश जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *