औरैया में मूली के खेत में मिली 22 वर्षीय युवक की लाश! शरीर पर धारदार हथियार के निशान, 40 मीटर तक खून के धब्बे

औरैया में मूली के खेत में मिली 22 वर्षीय युवक की लाश! शरीर पर धारदार हथियार के निशान, 40 मीटर तक खून के धब्बे

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित हालेपुर गांव में शनिवार सुबह मूली के खेत में एक युवक का शव मिला। पुलिस की जांच में युवक के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान और घटनास्थल से करीब 40 मीटर दूर तक खून के धब्बे मिले हैं। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा और फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

हालेपुर से एल्चीनगर के बीच बब्लू कुशवाह के मूली के खेत में शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। मृतक की पहचान हालेपुर निवासी सुमित कुमार पाल (22) के रूप में हुई। वह बकरी खरीदने-बेचने का काम करता था। परिवार का कहना है कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे वह घर से निकला था, इसके बाद वापस नहीं लौटा। घटना की जानकारी मिलने पर दिबियापुर सपा विधायक प्रदीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। सुमित के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर वार के निशान मिले हैं। वहीं, शव पड़े स्थान से करीब 40 मीटर तक खून के धब्बे पाए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों में चर्चा है कि सुमित का दूसरे गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार रात जन्माष्टमी का मेला लगा था। चर्चा है कि सुमित युवती से मिलने गया था। इसी दौरान युवती के परिजनाें ने उसे देखने के बाद विवाद हुआ और धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने प्रेम प्रसंग या हमले के कारणों की अभी पुष्टि नहीं की है।

एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *