औरैया में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत, चार घायल

औरैया में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत, चार घायल

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हसनपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में 50 वर्षीय छोटे लाल पुत्र अर्जुन सिंह निवासी काजीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शारदा देवी, उनकी बेटी ओजल, भाई अनिल कुमार तथा ऑटो चालक कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि काजीपुर गांव निवासी ब्रजेश कुमार दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं और अपनी पत्नी शारदा देवी व बेटी ओजल के साथ वहीं रहते हैं। करीब पांच दिन पहले शारदा देवी और ओजल मायके आई थीं। रविवार रात दोनों दिल्ली लौटने के लिए फफूंद बस स्टैंड जा रही थीं। उनके साथ शारदा देवी के भाई अनिल कुमार और चचेरे भाई छोटे लाल भी मौजूद थे। सभी गांव निवासी कल्लू के ऑटो से बस पकड़ने के लिए निकले थे।

रात करीब 10 बजे जब ऑटो हसनपुर गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक छोटे लाल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर की तलाश में जुटी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *