औरैया में अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़: 170 लीटर पेट्रोल के साथ युवक गिरफ्तार, बिना लाइसेंस चला रहा था धंधा

औरैया में अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़: 170 लीटर पेट्रोल के साथ युवक गिरफ्तार, बिना लाइसेंस चला रहा था धंधा

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपित के कब्जे से 170 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया, जिसे वह बिना लाइसेंस के खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था। मामले में आरोपित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थाना अयाना पुलिस मध्य रात्रि में जुहीखा पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:45 बजे बिना नंबर प्लेट के एक तीन पहिया टेपों लोडर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम पाकर का पूर्वा निवासी दीपेश सिंह बताया। तलाशी के दौरान वाहन से छह प्लास्टिक की केन बरामद हुईं। इनमें एक केन खाली थी, जबकि पांच केनों में कुल 170 लीटर पेट्रोल भरा हुआ मिला। पुलिस ने चालक से पेट्रोल खरीद एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और रसीद मांगी, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

मामले की सूचना मिलते ही पूर्ति निरीक्षक प्रीतम कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ पुलिस चौकी बबाइन पहुंचे और जांच शुरू की।

पूछताछ में आरोपित ने लिखित रूप से स्वीकार किया कि वह पेट्रोल और डीजल खरीदकर मोटरसाइकिल चालकों को फुटकर में बेचता है।

पूर्ति विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के पास पेट्रोल भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वह बड़ी मात्रा में पेट्रोल एकत्र कर कालाबाजारी की नीयत से अधिक कीमत पर बिक्री कर रहा था।

जांच टीम ने पेट्रोल के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया। बरामद पेट्रोल को सुरक्षित रखने के लिए दुबे फिलिंग स्टेशन अयाना के प्रबंधक की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि बिना नंबर का टेपों लोडर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *