ओखला पक्षी विहार में विदेशी मेहमानों की बहार, 100 प्रजातियों के 6 हजार प्रवासी पक्षियों ने डाला डेरा

ओखला पक्षी विहार में विदेशी मेहमानों की बहार, 100 प्रजातियों के 6 हजार प्रवासी पक्षियों ने डाला डेरा

नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा के यमुना नदी किनारे स्थित ओखला पक्षी विहार में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही प्रवासी परिंदों का आगमन तेज हो गया है। वन विभाग के अनुसार, अक्तूबर की तुलना में नवंबर में पक्षियों की संख्या बढ़ी है। यहां लगभग 100 प्रजातियों के करीब छह हजार पक्षी देखे जा चुके हैं। जैसे-जैसे ठंड और तापमान में गिरावट बढ़ेगी, वैसे-वैसे विदेशी मेहमानों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा।

वन विभाग के अनुसार इस समय पक्षी विहार में ग्रेटर फ्लेमिंगो, नॉर्दन शॉवेलर, नॉर्दन पिंटेल, कॉमन टील, गैडवॉल डक, ब्लू विंग्ड टील, कॉमन कूट्स, व्हाइट स्टार्क, गल्स, ग्रे लेग गूज समेत अन्य आकर्षक प्रवासी प्रजातियां देखने को मिल रही हैं। यह समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए बेहद खास है।

फॉरेस्ट रेंजर शशांक गुप्ता ने आज हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि नॉर्दन शॉवेलर, कॉमन कूट और ग्रेटर फ्लैमिगों प्रजाति इस बार बड़ी संख्या में पक्षी विहार में पहुंची है। उन्होंने कहा कि पक्षियों की संख्या छह हजार के आसपास है लेकिन शत प्रतिशत सही संख्या की गणना जनवरी में होगी। ओखला पक्षी विहार में हर साल सर्दियों के दौरान दुनिया के विभिन्न देशों और क्षेत्रों से हजारों प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। इनमें साइबेरिया, यूरोप, अमेरिका, कनाडा, मंगोलिया, तिब्बत, मध्य एशिया आदि शामिल हैं। ये पक्षी ठंड के मौसम में अपने मूल क्षेत्रों में अत्यधिक बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट के कारण अनुकूल भोजन और आवास की तलाश में हजारों किलोमीटर की यात्रा तय करके भारत आते हैं। वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, ओखला पक्षी विहार जैसी आर्द्रभूमियां इन विदेशी मेहमानों के लिए प्रमुख आश्रय स्थल हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *