‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ का बड़ा एक्शन! कानपुर पुलिस ने 3.5 करोड़ का गांजा पकड़ा, ट्रक चालक गिरफ्तार

‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ का बड़ा एक्शन! कानपुर पुलिस ने 3.5 करोड़ का गांजा पकड़ा, ट्रक चालक गिरफ्तार

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत देर रात नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सजेती थाना क्षेत्र से साढ़े चार कुंतल गांजा बरामद किया। ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को खंगालना शुरू कर दिया है।

एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक ट्रक कानपुर के रास्ते राजस्थान जाने वाला है। इस पर एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत के निर्देशन में सजेती पुलिस ने बरीपाल मार्केट के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई गांजे की सैकड़ों सिल्ली बरामद हुईं। पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामेश्वर निवासी राजस्थान बताया। उसने पुलिस को बताया कि उसका काम ट्रक को राजस्थान की सीमा तक पहुंचाना था। वहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति को यह खेप सौंपनी थी। उसने यह भी बताया कि सप्लाई चेन में शामिल लोगों के बीच सीधे संपर्क नहीं कराया जाता था। उसके पास केवल ट्रक का विवरण था, जबकि ओडिशा में बैठे तस्कर दोनों पक्षों के बीच समन्वय का काम करते थे। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद गांजा राजस्थान के अलग-अलग जिलों में छोटी-छोटी खेप बनाकर खपाया जाना था। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि तस्कर अक्सर जांच से बचने के लिए ट्रकों में महिलाओं और बच्चों को भी बैठाकर सफर करते हैं, ताकि किसी को शक न हो। इस मामले में भी ट्रक में पहले महिलाएं और बच्चे सवार थे, जिन्हें कानपुर पहुंचने से पहले रास्ते में उतार दिया गया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि ओडिशा में कम कीमत पर मिलने वाला गांजा दूसरे राज्यों में पहुंचते-पहुंचते कई गुना महंगा बिकता है। पुलिस को आशंका है कि बरामद खेप किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़ी है। इसी आधार पर ओडिशा और राजस्थान के बीच सक्रिय नेटवर्क, सप्लायर, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।

आगे उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार कुंतल गांजा और ट्रक बरामद किया गया है तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *