मेरठ : राजस्थान के जालौर में एससी छात्र इंद्र मेघवाल की शिक्षक द्वारा पिटाई के बाद हुई मौत के मामले को लेकर गुरुवार को अपनी जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे से कलेक्ट्रेट तक विरोध प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजा। उन्होंने ज्ञापन में बताया की 9 वर्षीय छात्र इंद्र कुमार मेघवाल को स्कूल में रखे मटके से पानी पीने को लेकर अध्यापक छैलसिंह द्वारा छुआछात व जातीय आतंक एवं भेदभाव की मानसिकता के कारण निर्मम तरीके से पिटाई की गई, जिस कारण 13 अगस्त को मासूम छात्र की मौत हो गई। समाज में गहरा रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच करोड़ की आर्थिक सहायता, एक सरकारी नौकरी, पीड़ित परिवार के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने, देश के सभी विद्यालयों में सर्वेक्षण कराकर छुआछात बरतने वाले सभी कर्मियों को बर्खास्त करने तथा जातीय भेदभाव की घटना को अंजाम देने वालों को देशद्रोही घोषित कर फांसी दिए जाने की मांग की। इस दौरान सुनील गौतम, सुभाष चंद्र, सुनील, गौरव बौद्ध, अंकुश, सिद्धार्थ सिंह, उदय कुमार गौतम, प्रियंका, हिमांशी, शिल्पी, शीला, राजेश्वरी आदि मौजूद रहे।
