बर्मिंघम। बर्मिंघम पुलिस ने भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये एजबेस्टन टेस्ट के चौथे दिन सामने आई नस्लभेदी टिप्पणियों की खबरों के बीच एक 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
बर्मिंघम पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि व्यक्ति को पूछताछ के लिये हिरासत में रखा गया है।
पुलिस ने ट्वीट किया, “बर्मिंघम में सोमवार को टेस्ट मैच में नस्लवादी, अपमानजनक व्यवहार की रिपोर्ट के बाद एक 32 वर्षीय व्यक्ति को नस्लीय रूप से भड़काऊ अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया है। वह पूछताछ के लिए हिरासत में है।”
कई भारतीय प्रशंसकों ने सोमवार को सोशल मीडिया का रुख करते हुए दावा किया था कि मैच के चौथे दिन उनके विरुद्ध नस्लभेदी टिप्पणियां की गयीं।
स्काई स्पोर्ट्स न्यूज के अनुसार, वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने उस समय कहा था कि उन्होंने मामले की आपराधिक जांच शुरू की है।
एक प्रवक्ता ने कहा था, “हमने बर्मिंघम में टेस्ट मैच के दौरान नस्लभेदी व्यवहार की खबरों पर एक आपराधिक जांच शुरू की है। हम एजबेस्टन अधिकारियों के साथ यह जानने के लिये काम कर रहे हैं कि उस दिन क्या हुआ था। यदि किसी ने कोई नस्लभेदी शब्द या इशारे सुने-देखे हैं, या कोई वीडियो है जो हमारी सहायता कर सकती है, तो हम उससे आगे आने का अनुरोध करते हैं।”
उन्होंने कहा था कि वह सोशल मीडिया पर घूम रही एक कथित अपराधी की तस्वीरों से अवगत हैं और उस व्यक्ति की शनाख्त करने पर काम कर रहे हैं।
