उरई। गोहन थाना क्षेत्र में रविवार को एक सफाईकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की पहचान रामप्रकाश सिंह (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो काशिमपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे। परिवार में उनकी पत्नी पानकुंवर, दो पुत्र मान सिंह एवं शशिकांत सिंह, तथा 17 वर्षीय पुत्री किरण हैं।

।मृतक की पत्नी और बेटों ने बताया कि कुछ समय पहले घर में ही परिवार के सदस्य मिंटूराम, रानी और रवि से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि इस विवाद के बाद से रामप्रकाश सिंह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। परिजनों का कहना है कि तनाव में रहने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों का संकलन किया। गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों, परिजनों के बयान तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

