उत्साह एवं भक्ति भावना के साथ मनाई श्रीरामनवमी

उत्साह एवं भक्ति भावना के साथ मनाई श्रीरामनवमी

शामली। श्री रामनवमी का त्यौहार रविवार को पूरे उत्साह एवं भक्ति भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कंजिकाओं को भोजन कराकर व उन्हें उपहार भेंट कर अपने व्रतों का समापन किया। मंदिरों में भी पूजा अर्चना व भंडारों के आयोजन किए गए। इसके साथ ही पिछले 9 दिनों से चल रहे नवरात्र महोत्सव का भी समापन हो गया। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम पर भगवान रामदरबार में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केक भी काटा गया तथा शहर में श्रीरामायण जी की शोभायात्रा भी निकाली जिसका कई जगह स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार चैत्रीय नवरात्र वैसे तो शनिवार को श्री दुर्गाष्टमी के पर्व के साथ ही संपन्न हो गए थे लेकिन बहुत से श्रद्धालु दुर्गा नवमी व श्रीरामनवमी को अपने व्रतों का समापन करते हैं। रविवार को श्रीरामनवमी का पर्व जिले में धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के साथ पिछले 9 दिनों से चले आ रहे नवरात्र महोत्सव का भी समापन हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों व घरों में पूजा अर्चना कर कन्याओं को भोजन कराकर अपने व्रतों का समापन किया, कन्याओं को उपहार भी भेंट किए गए। व्रत वाले परिवार सुबह से ही कन्याओं की तलाश में यहां वहां घूमते रहे। वहीं मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम पर भी भक्तों की लंबी कतार लगी रही। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम, मंदिर भाकूवाला, गुलजारी वाला मंदिर, श्री सत्यनारायण मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। वहीं श्रीराम नवमी के पर्व के अवसर पर मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम स्थित श्री रामदरबार में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। सुबह साढे सात बजे से साढे नौ बजे तक संपूर्ण रामायण पाठ किया गया। इस अवसर पर केक भी काटा गया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण से श्री रामायणजी की शोभायात्रा निकाली गयी जिसमें भारी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गयी जिसका कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान सलिल द्विवेदी ने बताया कि 2 अप्रैल से 7 अप्रैल तक मंदिर में अखंड रामायण पाठ किया जा रहा था जिसका भी समापन हो गया। इस अवसर पर पुनीत द्विवेदी, मुकेश कर्णवाल, नमन कर्णवाल, शुभम कर्णवाल, आदेश शर्मा, मुकेश मैनेजर, गुरुशरणम रुहेला, वंश नामदेव, शुभम गिरी, अमित प्रजापति, मनु शर्मा, शुभम, जोगेन्द्र पाल सेठी, केके सहगल, डा. अनुराग शर्मा, रजनीश शर्मा, मनोज मित्तल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *