प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी कुछ घंटों में तेज हवाओं एवं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को लेकर बुधवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने चेतावनी जारी की है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस. एन. सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम विभाग के जारी चेतावनी के मुताबिक, प्रयागराज सहित मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और मध्यम बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने, अनावश्यक यात्रा टालने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह पूर्वानुमान बुधवार 1 जुलाई को दोपहर 3:03 बजे तक प्रभावी रहेगा।

