ईडी रिमांड में IAS पूजा सिंघल की पहली रात बेहद मुश्किलों में गुजरी

ईडी रिमांड में IAS पूजा सिंघल की पहली रात बेहद मुश्किलों में गुजरी

रांची। केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय( ईडी ) के रिमांड में निलंबित आईएएस पूजा सिंघल की पहली रात यहां बेहद मुश्किलों में गुजरी।
ईडी के आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि पूजा सिंघल को पूछताछ के बाद रांची के महिला थाना में रखना था लेकिन सिंघल के स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए उन्हें ईडी ऑफिस में ही डाक्टरों की निगरानी में रखा गया था। वहीं सीए सुमन को ईडी ने रात में कोतवाली थाने में रखा था।
ईडी की हिरासत में पूरी रात सिंघल बेचैन रही। वह बार बार यही कहती रही कि उनकी तबियत ठीक नहीं है। इस दौरान डॉक्टरों ने कई बार उनके सेहत की जांच भी की। पूजा सिंघल लगातार बीपी की समस्या से परेशान है। एक डॉक्टर और नर्स के साथ मेडिकल टीम ईडी कार्यालय में ही 24 घंटे तैनात हैं जो लगातार पूजा सिंघल के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।
शुक्रवार की सुबह सदर अस्पताल से आए डॉक्टरों की टीम ने पूजा सिंघल का मेडिकल जांच किया। जांच के बाद एक बार फिर से पूजा सिंघल से पूछताछ की जा रही है। ईडी की टीम उनके पति अभिषेक झा और सीए सुमन कुमार सिंह से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले गुरुवार को पूजा सिंघल से पूछताछ के बाद ही सरावगी बिल्डर्स के ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापेमारी की थी। ईडी की एक टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है ,जैसे ही कोई नई जानकारी पूछताछ में मिलेगी वैसे ही वह टीम जानकारी मिले स्थान पर छापेमारी करेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *