आम व लीची की फसल को नुकसान, तेज आंधी व बारिश से किसानों के चेहरों पर चिंता

आम व लीची की फसल को नुकसान, तेज आंधी व बारिश से किसानों के चेहरों पर चिंता

गढ़ीपुख्ता। बुधवार की दोपहर आई तेज आंधी व मूसलाधार बारिश के चलते आम व लीची की फसल को जबरदस्त नुकसान हुआ है जिससे आम व लीची उत्पादक किसानों के चेहरों पर चिंता बढ गयी है। सबसे ज्यादा आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि इस मौसम में दो बार आंधी आने से उन्हें काफी नुकसान उठाना पडा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर मौसम के अचानक करवट बदलने व तेज आंधी के साथ-साथ बारिश होने से आम व लीची उत्पादक किसानों को भारी नुकसान उठाना पडा। तेज आंधी के कारण आम की काफी फसल पेडों से गिरकर खराब हो गयी, वहीं लीची की फसल को भी काफी नुकसान हुआ जिससे आम व लीची उत्पादक किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ नजर आई। आम उत्पादक किसान वाजिद का कहना है इस मौसम में दो बार आंधी आ चुकी है जिसके कारण उनकी काफी फसल बर्बाद हो गयी और उन्हें भारी नुकसान उठाना पडा। वहीं श्यामा का कहना है कि उन्होंने भाटू गांव में ढाई सौ बीघा आम का बाग ठेके पर ले रखा है लेकिन आंधी व बारिश के कारण उन्हें काफी नुकसान हुआ। वहीं मोहसीन, शौकीन, कासिम आदि किसानों ने बताया कि गढीपुख्ता के दुल्लाखेडी, भाटू, कच्ची गढी आदि गांव आम की फसल के लिए मशहूर हैं और यहां का आम देश के साथ-साथ विदेशों में भी जाता है लेकिन आंधी व बारिश के कारण इस बार फसल को काफी नुकसान उठाना पडा है। दो बार आंधी आने से उनकी काफी फसल पेडों से टूटकर खराब हो चुकी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *