अयोध्या की महिलाओं ने पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल, दोना-पत्तल कारोबार से हर महीने 30 हजार तक की बचत

अयोध्या की महिलाओं ने पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल, दोना-पत्तल कारोबार से हर महीने 30 हजार तक की बचत

अयोध्या। आत्मनिर्भर बनने का संकल्प और सामूहिक प्रयास की ताकत हो तो सीमित संसाधनों से भी सफलता की राह तैयार की जा सकती है। अयोध्या के पूराबाजार क्षेत्र की नारियांवा ग्राम पंचायत में दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने इसे सच कर दिखाया है। कभी डेढ़ लाख रुपये के ऋण से एक मशीन खरीदकर शुरू किया गया दोना-पत्तल निर्माण का काम आज नियमित रोजगार का जरिया बन चुका है। समूह की महिलाएं मिलकर उत्पादन कर रही हैं और इस कारोबार से हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत कर रही हैं।

ग्रामीण महिलाओं की यह पहल न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि सामूहिक कामकाज के जरिए आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का रास्ता भी खोल रही है। समूह की सफलता स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार की संभावनाओं को भी सामने ला रही है।

डेढ़ लाख के ऋण से शुरू हुआ कारोबार

दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह ने दोना-पत्तल निर्माण के जरिए स्वरोजगार की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में समूह ने डेढ़ लाख रुपये का ऋण लेकर एक मशीन खरीदी और उत्पादन शुरू किया। धीरे-धीरे काम आगे बढ़ा तो महिलाओं ने कारोबार का विस्तार करने का फैसला किया।

इसमें सीसीएल यानी कैश क्रेडिट लिमिट के तहत मिले तीन लाख रुपये के अतिरिक्त ऋण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस धनराशि से उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए और मशीनें लगाई गईं। आज समूह के पास कुल सात मशीनें हैं, जिनके माध्यम से महिलाएं मिलकर दोना-पत्तल तैयार कर रही हैं।

सामूहिक मेहनत से हर महीने 25 से 30 हजार की बचत

समूह की सदस्य दुखना पत्नी द्वारिका ने बताया कि शुरुआत में डेढ़ लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी गई थी। इसके बाद सीसीएल के तहत तीन लाख रुपये की धनराशि मिलने से कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिली और मशीनों की संख्या बढ़ाकर सात कर दी गई।

उन्होंने बताया कि अब समूह की सभी महिलाएं मिलकर उत्पादन का काम करती हैं। नियमित कामकाज के चलते समूह हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत कर रहा है। महिलाओं के लिए यह काम केवल आमदनी का साधन नहीं है, बल्कि अपनी मेहनत के बल पर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर भी है।

आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ रहा आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों के बीच दोना-पत्तल निर्माण जैसी गतिविधियां आजीविका का माध्यम बन रही हैं। स्थानीय संसाधनों और सामूहिक सहयोग के सहारे शुरू हुआ यह कारोबार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा रहा है।

दुखना तपस्या समूह की महिलाएं अपनी मेहनत और एकजुटता से यह दिखा रही हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी छोटे स्तर पर कारोबार शुरू कर उसे आगे बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए आपसी सहयोग, सही मार्गदर्शन और उपलब्ध अवसरों का उपयोग महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

अन्य गांवों की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

उपयुक्त स्वत: रोजगार सरिता गुप्ता ने बताया कि वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरणा लेकर नारियांवा की महिलाएं भी अपने श्रम और सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह की यह पहल आसपास के गांवों की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है। समूह ने साबित किया है कि छोटे स्तर पर शुरू किया गया काम भी निरंतर मेहनत, एकजुटता और योजनाबद्ध प्रयासों से रोजगार का मजबूत आधार बन सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *