अजमेर। राजस्थान के अजमेर में जिला बार एवं राजस्व बार के वकीलों ने अपनी मांगों के समर्थन में आज न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया।
राजस्थान राजस्व बार एसोसिएशन ने राजस्व मंडल विघटन और आयुक्तालय सृजित करने के विरोध में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। हालांकि मंगलवार को राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने वकीलों के शिष्टमंडल को राजस्व मंडल विघटन न होने देने का भरोसा दिलाया है। इसके बावजूद राजस्व बार के निर्णय के अनुसार वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया।
अजमेर जिला बार एसोसिएशन भी आज ‘ एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट ‘ की मांग को लेकर न्यायिक कार्य नहीं कर रहा है। बार अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सभी वकील एकजुट होकर मांग पर अड़े हैं। दो दिन पहले बार के सदस्य एडवोकेट भानूप्रताप सिंह चौहान को सोशल मीडिया के जरिए गर्दन काटने की धमकी मिली थी लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग और वकील संरक्षक कानून की मांग को लेकर न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया गया ।
