भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत यूपी के हाथरस पहुंचे, जहां उन्होंने मुरसान ब्लॉक के गांव करील में किसान महापंचायत को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने अग्निपथ और किसानों के तमाम मुद्दों के लेकर जमकर केन्द्र सरकार का घेराव किया. उन्होंने बीजेपी की सरकार को धोखा देने वाली सरकार बताया इसके साथ ही अग्निपथ योजना को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि क्या कभी कोई 24 साल की उम्र में रिटायर होता है.

राकेश टिकैत ने अग्निपथ योजना को लेकर भी बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. टिकैत ने कहा कि युवाओं को चार साल बाद नौकरी छोड़कर क्या काम करने को कहा जाएगा, क्या कभी कोई 24 साल की उम्र में रिटायर होता है. उन्होंने अग्निपथ योजना को गलत स्कीम बताते हुए जेल में बंद युवाओं को तुरंत छोड़ने की मांग की. वहीं दूसरी तरफ खुद पर हुए हमले को लेकर कहा कि ये लोग धमकी देते रहते हैं.


