अखिलेश यादव के पोस्ट पर संत समाज की तीखी प्रतिक्रिया, बोले- अयोध्या पहले से विकास की राह पर, जनता को योगी पर भरोसा

अखिलेश यादव के पोस्ट पर संत समाज की तीखी प्रतिक्रिया, बोले- अयोध्या पहले से विकास की राह पर, जनता को योगी पर भरोसा

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अयोध्या के संत समाज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो अयोध्या को ‘सनातन तीर्थयात्रा की वैश्विक राजधानी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उनके इस बयान पर संतों ने सवाल उठाते हुए कहा कि अयोध्या पहले से ही विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है।

अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या और कारोबार बढ़ा: जगद्गुरु राम दिनेश आचार्य

जगद्गुरु राम दिनेश आचार्य ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की कोई कमी नहीं है। यहां लगातार बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, हनुमानगढ़ी और कनक भवन जैसे धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के व्यापारियों से बातचीत करने पर यहां हो रहे बदलाव और विकास की तस्वीर साफ हो जाती है।

उन्होंने दीपोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार करीब 30 लाख दीपक जलाए गए। इससे उन स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली, जो पहले 10 से 20 हजार दीपक तक नहीं बेच पाते थे। जगद्गुरु के मुताबिक, अयोध्या की अर्थव्यवस्था और जीडीपी लगातार बढ़ रही है तथा शहर विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अब अयोध्या को विचारधारा के साथ पूरे भारत में स्थापित करने की जरूरत है। ऐसे में अयोध्या के विकास को लेकर इस तरह की टिप्पणियों से बचना चाहिए।

परमहंस आचार्य ने अखिलेश यादव की योजनाओं पर उठाए सवाल

वहीं, जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने अखिलेश यादव के पोस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा मुखिया की पोस्ट देखकर संत समाज सदमे में है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव सभी के साथ समानता का भाव रख पाएंगे और क्या उनकी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को समान रूप से मिलेगा या फिर सब कुछ तुष्टिकरण की भेंट चढ़ जाएगा?

परमहंस आचार्य ने आशंका जताई कि कहीं ऐसा न हो कि केवल कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने और सैफई महोत्सवों पर ही सरकारी धन खर्च होता रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा करती है और योगी एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएंगे।

राम मंदिर को लेकर अखिलेश यादव पर लगाए आरोप

परमहंस आचार्य ने अखिलेश यादव पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी के मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। उनके मुताबिक, पहले राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे, लेकिन अखिलेश यादव के बयानबाजी करने के बाद लोगों के मन में मंदिर को लेकर गलत धारणा बनी।

उन्होंने राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या घटने या लोगों की श्रद्धा में कमी आने के पीछे भी अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, ये सभी आरोप परमहंस आचार्य ने अपने बयान में लगाए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *