राजस्थान में सुशासन से हमें जनता का पुनः मिलने वाला है आशीर्वाद-गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य के अंदर सुशासन और जनता के मूड से लग रहा है कि इस बार पुनः हमें जनता का आशीर्वाद मिलने वाला है।

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य के अंदर सुशासन और जनता के मूड से लग रहा है कि इस बार पुनः हमें जनता का आशीर्वाद मिलने वाला है।
गहलोत राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के बाद शुक्रवार देर रात उनके साथ मीडिया से बातचीत में यह उम्मीद जताई। उन्होंने कहा ” इस बार राजस्थान के अंदर, जिस प्रकार से गुड गवर्नेंस हुई है, मुझे उम्मीद है कि आम जनता, मतदाता हमें दोबारा चुनाव जिताएंगे, ये मुझे पूरा यकीन है। जो मुझे लग रहा है जनता के मूड से, इस बार पुनः जनता का आशीर्वाद हमें मिलने वाला है।
मैंने पहले ही कहा तीनों सीट हम जीतेंगे, सबको मालूम है।”
उन्होंने कहा “जब 126 लोग हमारे साथ में हैं तब मैं पूछना चाहूंगा कि भाजपा ने दूसरा उम्मीदवार क्यों खड़ा किया, जब उनके पास पूरे वोट नहीं थे। इसके मायने हैं कि वो हॉर्स ट्रेडिंग करना चाहते थे, वह हो नहीं पाई और उनको बुरी तरह से मुंह की खानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में परम्परा रही है उसे यह लोग तोड़ना चाहते हैं । गुजरात एवं अन्य राज्यों की तरह राजस्थान में भी फैलाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीते तीनों हमारे वरिष्ठ साथी हैं देश के बड़े नेता हैं, मुझे पूरा यकीन है कि जो समस्याएं हमारे राजस्थान की अलग तरह की हैं, विशेष रूप से राजस्थान पूर्वी नहर योजना (ईआरसीपी) की, जो ईस्टर्न कैनाल है वो बहुत बड़ा मुद्दा राजस्थान में है, यकीन है कि तीनों साथी उसे मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बारे में वादा किया था जनता से लेकिन वह निभा नहीं रहे हैं , जोर देंगे कि 13 जिलों की यह पानी की समस्या समाप्त हो। हम लोग प्रयास करेंगे ।
उन्होंने कहा कि विधायकों ने जनता की भावना के अनुरूप काम किया और मुझे खुशी है कि सभी विधायको ने वोट किया।




