सलमान धमकी मामलें में सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का कनेक्शन! मुंबई पुलिस ने सिद्धेश कांबले से भी की पूछताछ

मुंबई। अभिनेता सलमान खान और उनके पिता को धमकी भरे पत्र मिलने की जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम ने इस सिलसिले में बृहस्पतिवार को पुणे में सिद्धेश हिरामन कांबले उर्फ महाकाल से पूछताछ की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सिद्धेश कांबले को लोकप्रिय पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस कांबले से यह भी पूछताछ करेगी कि रविवार को मुंबई के बांद्रा इलाके में एक बेंच पर धमकी भरा पत्र किसने रखा था।

महाराष्ट्र पुलिस ने कहा था कि कांबले, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। कांबले को बुधवार को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मुंबई के पुलिस उपायुक्त (अपराध) संग्रामसिंह निशानदार के नेतृत्व में एक टीम बृहस्पतिवार सुबह पुणे पुलिस की अपराध शाखा के कार्यालय पहुंची और कांबले से पूछताछ शुरू की। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या लेखक सलीम खान और उनके बेटे सलमान खान को धमकी देने वाला पत्र बिश्नोई गिरोह के सदस्यों द्वारा मुंबई में एक बेंच पर रखा गया था।

सलमान खान के पिता और प्रसिद्ध पटकथा लेखक सलीम खान रविवार को सुबह की सैर के बाद बांद्रा बैंडस्टैंड में एक बेंच पर बैठे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने एक पत्र उनके पास रखा जिसमें उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गयी थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *