बर्धमान। पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में केतुग्राम थाना इलाके में पत्नी को सरकारी अस्पताल में नर्स की नौकरी मिली थी। इससे पति को इस बात का डर सता रहा था कि उसकी पत्नी सरकारी नौकरी के कारण उसका साथ छोड़ देगी। इसलिए उसने पत्नी का दाहिना हाथ काट दिया ताकि वह सरकारी अस्पताल में मिली नर्स की नौकरी ही न कर पाए। वारदात के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ फरार हो गया है।

वहीं, पत्नी का दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रेनू खातून नाम की महिला की सरकारी अस्पताल में नर्स के तौर पर नौकरी लगी थी लेकिन उसके पति मोहम्मद शेख को अंदर ही अंदर एक डर सताने लगा कि अगर उसकी पत्नी ने नौकरी शुरू की तो वह उससे दूर हो जाएगी। कहीं ऐसा न हो वह छोड़कर चली जाए और किसी और से शादी कर ले। मोहम्मद शेख का संदेह उस समय और ज्यादा हो गया जब उसके दोस्त उसे भड़काने लगे। मोहम्मद शेख के दोस्त अक्सर कहा करते थे कि उसकी बीवी एक दिन उसे जरुर छोड़कर चली जाएगी।
