कांग्रेस की बुलाई विपक्षी दलों की बैठक नहीं हो पाई
पंजाबी गायक एवं कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस की बुलाई गयी सर्वदलीय बैठक आज नहीं हो पाई और इसे स्थगित किया गया है।

चंडीगढ़। पंजाबी गायक एवं कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस की बुलाई गयी सर्वदलीय बैठक आज नहीं हो पाई और इसे स्थगित किया गया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने सर्वदलीय बैठक स्थिगित करने को कहा है, इसलिए बैठक स्थगित की जा रही है। श्री वडिंग ने ट्वीट में कहा है कि पंजाब की सुरक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे की तात्कालिकता के बावजूद पहले इन दलों ने सहमति दी थी पर पता नहीं क्यों अब बैठक स्थगित करने को कह दिया।
वडिंग ने कल ही यह सुझाव दिया था कि पंजाब के समक्ष गंभीर चुनौती को देखते हुए सभी विपक्षी दलों को अपने मतभेद भुलाकर, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मिलकर इसका सामना करना चाहिए और लड़ना चाहिए। उन्होंने ‘पंजाब को बचाने‘ के लिए भविष्य की रणनीति तय करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाये जाने का आह्वान किया था।




