शामली। दिव्यांगजन विभाग, समाज कल्याण तथा प्रोबेशन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय पंचायतवार एवं नगरीय क्षेत्रों में नगर पंचायतवार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में दिव्यांगों की पेंशन, सहायक उपकरण, शादी पुरस्कार योजना, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल आदि योजनाओं से संबंधित कार्रवाई पूर्ण कराई जाएगी। 27 मई को गांव भैंसवाल, राझड़, हिरनवाडा, गंगेरू, बुच्चाखेडी व सहपत में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले में दिव्यांगजन विभाग, समाज कल्याण एवं प्रोबेशन विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में न्याय पंचायतवार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में दिव्यांगजन विभाग द्वारा नवीन दिव्यांग पेंशन बनाने, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग पेंशन में केवाईसी, सहायक उपकरण, शादी पुरस्कार योजना, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल आदि से संबंधित कार्रवाई तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के नवीन आवेदन का चिन्हींकरण एवं केवाईसी कराए जाने का कार्य तथा प्रोबेशन विभाग द्वारा निराश्रित विधवा महिला पेंशन के नवीन आवेदन ऑनलाइन कराए जाने सहित पेंशनरों की केवाईसी तथा कन्या सुमंगला योजना सहित जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके फार्म आदि पूर्ण कराकर ऑनलाइन कराए जाएंगे। उक्त योजना के सफल संचालन के लिए डीएम द्वारा ब्लाकवार न्याय पंचायतवार, ग्राम पंचायतवार तथा नगर पंचायतवार विभागीय कर्मचारियों एवं नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए दायित्व सौंपे गए हैं। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि ब्लाक के समस्त न्याय पंचायतों एवं नगर पंचायतों में निर्धारित तिथियों में शिविर में सुबह 10.30 बजे से शाम 3.30 बजे तक कैंप में मौजूद रहेंगे। इसी के तहत 27 मई को विकास खंड शामली की न्याय पंचायत गांव भैंसवाल, विकास खंड ऊन की न्याय पंचायत राझड, थानाभवन के हिरनवाडा, कांधला के गंगेरू, कैराना की बुच्चाखेडी व सहपत में कैंपों का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर संबंधित ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव की सहायता से चिन्हित कावेदन पत्रों को न्याय पंचायतों में ही स्थापित जन सेवा केन्द्र के माध्यम से ऑनलाइन कराते हुए हार्ड कापी नोडल अधिकारियों को देंगे। डीएम ने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

