गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले के मोदी नगर की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती ने पुलिस को शिकायत दी है। युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म करता रहा।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके साथ तब भी शारीरिक संबंध बनाता रहा, जबकि शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई थी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पर्चा दर्ज कर लिया गया है।

युवती ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात आगरा के एक युवक से हुई थी। इसके बाद युवक ने पहले तो दोस्ती का हाथ बढ़ाया और फिर बाद में शादी का प्रस्ताव रख दिया।
इसके बाद वह भी शादी के लिए तैयार हो गई। युवती का आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर उससे चार साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। अभी कुछ दिन पहले ही उसे पता चला कि युवक का रिश्ता किसी अन्य लड़की से तय हुआ है।
युवती ने जब विरोध किया तो युवक ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो दिखाए। युवक ने धमकी दी कि अगर उसने शादी की जिद की तो वह वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम कर देगा।
इसके बाद आरोपी ने उसे पीटकर भगा दिया। युवती ने परिजनों को इस बात की जानकारी दी तो वे उसे लेकर थाने पहुंचे। मोदी नगर की एसएचओ अनिता चौहान ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

