मुंबई। कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तब्बू स्टारर फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. अक्षय कुमार की ‘भूल भुलैया’ को 2007 में प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था, जिसने सिनेमाघरों में जमकर कमाई की थी और दर्शकों ने भी इसे खूब पसंद किया था. ‘भूल भुलैया’ के पूरे 15 साल बाद आई इस फिल्म में इस बार अक्षय की जगह कार्तिक नजर आ रहे हैं. वहीं इस बार निर्देशन की कमान अनीज बज्मी ने अपने हाथ में ली है. अनीज बज्मी पिछले कुछ समय में लगातार ‘मुबारकां’, ‘पागलपंति’ जैसी फ्लॉप कॉमेडी फिल्में दे चुके हैं. क्या प्रियदर्शन की इस हॉरर-कॉमेडी से वो इंसाफ कर पाए हैं, चलिए आपको इस रिव्यू में बताते हैं.

कहानी की बात करें तो फिल्म शुरू होती है, मंजुलिका के भूत को तांत्रिक की मदद से कमरे में बंद करने से और फिर कहानी सीधे 18 साल बाद पहुंच जाती है. रूहान रंधावा (कार्तिक आर्यन) एक फेमस बिजनेस टाइकून का बेटा है और दुनिया घूमकर अपनी जिंदगी मजे से काट रहा है. उसकी मुलाकात होती है रीत (कियारा आडवाणी) से. रीत की मदद करने के लिए उसके कहने पर रूहान पहुंच जाता है राजस्थान के भवानीगढ़. कार्तिक यहां पहुंच सब को बताते हैं कि वो भूतों से बात कर सकते हैं और बस रूहान बन जाता है रूह बाबा. लेकिन दिक्कत शुरू होती है जब मंजुलिका का भूत बाहर आता है.

इस फिल्म के सीक्वेल अनाउंसमेंट के बाद से ही कार्तिक और अक्षय कुमार की तुलना होने लगी थी. लेकिन फिल्म देखने के बाद साफ है कि इस नए फ्लेवर की कहानी के लिए कार्तिक आर्यन की एंट्री जस्टिफाई है. कार्तिक ने अपना काम बखूबी किया है. हालांकि कियारा के लिए बहुत कुछ करने के लिए था नहीं क्योंकि ये फिल्म तब्बू की है. इस भूल भुलैया में भी तब्बू अभिनय के मामले में कहीं भटकती या बहती नहीं नजर आई हैं. दरअसल पुरानी और नई फिल्म में अगर कोई समानता है तो वो हैं राजस्थान और राजपाल यादव. कुछ मजेदार पंचलाइन राजपाल के हिस्से में ही आई हैं.
दरअसल कॉमेडी का काम राजपाल यादव, कार्तिक आर्यन और संजय मिश्रा ने संभाला है और बखूबी संभाला है. फिल्म के ज्यादातार डायलॉग काम और हंसाते-हंसाते डराने वाला फंडा इस फिल्म में आपको खूब नजर आएगा. ये एक फैमली एंटरटेनर है और आप पूरी फैमली के साथ इस फिल्म का मजा ले सकते हैं.

