महिला के कारनामे ने पुलिस के उड़ाए होश, वायरल हुए वीडियो ने खोला
वायरल हुई वीडियो को किसी ने मुख्यमंत्री द्वारा जारी किए फोन नंबर पर भेज दिया जिसके बाद पुलिस ने आज ट्रैप लगाकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।

फिल्लौर। खुलेआम नशा बेच रही महिला की सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही वीडियो के बाद पुलिस ने महिला को 25 ग्राम नशीले पाऊडर के साथ गिरफ्तार कर उस पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया। पता यह भी चला है कि वायरल हुई वीडियो को किसी ने मुख्यमंत्री द्वारा जारी किए फोन नंबर पर भेज दिया जिसके बाद पुलिस ने आज ट्रैप लगाकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार नजदीकी गांव गन्ना पिंड में नशीला पदार्थ चिट्टा धड़ल्ले से बेचा जा रहा था। नशा तस्करी के इस अवैध काम में मनजीत उर्फ गोरो नामक महिला तेजी से सक्रिय हो रही थी जिसे ग्राहक सीधा फोन कर माल का भाव पूछते। इस महिला के हौसले इतने बुलंद थे कि अगर कोई ग्राहक पुलिस से डरकर उसके गांव आने में हिचकिचाता तो यह मात्र कुछ ज्यादा रुपए लेकर ग्राहक के बताए पते पर ही चिट्टे की डिलीवरी देने पहुंच जाती। मनजीत के घर के बाहर प्रातः से ही चिट्टा लेने वाले ग्राहकों की लाइनें लग जातीं। एक लड़के ने अपना कैमरा ऑन कर पहले उसे माल लेने के लिए फोन किया जिसकी उसने रिकार्डिंग करने के बाद उसने कैमरा अपने कपड़ों में छुपा कर उसके घर पहुंच गया, वहां उसने माल लेने-देने की महिला की पूरी वीडियो बना दी और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।




