
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा नेता तजिंदर बग्गा के मामले में बवाल जारी है। घर वापसी के बाद बग्गा ने अरविंद केजरीवाल को नया चैलेंज दिया है। बग्गा ने कहा कि उन पर 1 नहीं बल्कि 100 FIR कर दो, तब भी वे डरने वाले नहीं हैं। वे कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बग्गा को गिरफ्तार करने के बाद पंजाब पुलिस को दिल्ली और हरियाणा में डिटेन के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई टल गई है। अब मंगलवार को सुनवाई होगी। बग्गा को इस मामले में अभी कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है।

पंजाब सरकार ने इस मामले में हाईकोर्ट में 2 एप्लीकेशन दी हैं। पहली एप्लीकेशन में केस से जुड़ी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसमें बग्गा की गिरफ्तारी के साथ पिपली पुलिस थाना और कुरुक्षेत्र हाइवे के सीसीटीवी की फुटेज का मुद्दा उठाया गया है। वहीं दूसरी एप्लीकेशन में भाजपा नेता तजिंदर बग्गा और दिल्ली पुलिस को पार्टी बनाने की मांग की है।

अब बग्गा बोले कि अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों को 24 घंटे में जेल में डालूंगा। मैं यही पूछ रहा हूं कि अब तक ऐसा क्यों नहीं किया गया? मेरा कसूर यह है कि मैं उनसे रोज सवाल पूछता हूं। उन्हें लगता है कि केस दर्ज कर वह मुझे सवाल पूछने से रोक लेंगे। कश्मीरी पंडितों के नरसंहार को झूठ बोलने पर माफी मांगने की मांग छोड़ देंगे। हम रुकने और डरने वाले नहीं हैं।
इधर, बग्गा को दिल्ली में शुक्रवार आधी रात को 12.35 बजे मजिस्ट्रेट के आगे पेशी के बाद घर भेज दिया गया। बग्गा अब दिल्ली पुलिस की सिक्योरिटी में रहेंगे। चोट की वजह से बग्गा को बयान दर्ज करवाने के लिए सोमवार सुबह तक का वक्त दिया गया है।



