बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला विकासखंड के ग्राम पिंडरई में एक तिलक (सगाई) समारोह में विषाक्त भोजन करने से 150 से अधिक लोग उल्टी-दस्त के शिकार हो गए। कलेक्टर ने मुलताई के सरकारी अस्पताल जाकर पीड़ितों से चर्चा की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम पिंरडई में कल एक तिलक समारोह हुआ था जिसमें लोगों ने शामिल होकर भोजन किया था। भोजन करने के बाद देर शाम से बड़ी संख्या में लोग उल्टी-दस्त एवं पेट दर्द का शिकार हो गए। कल रात 11 बजे के बाद भी पीड़ितो का मुलताई के सरकारी अस्पताल में पहुंचने का सिलसिला जारी था। कुछ गंभीर पीड़ितों को बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया था।
कलेक्टर अमरबीर सिंह बैंस ने कल रात में मुलताई के सरकारी पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। कलेक्टर ने पत्रकारों को बताया कि पीड़ितो से मुलाकात करने के बाद डॉक्टरों से पीड़ितो को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। अस्पताल में करीब 160 मरीजों के पंजीयन हुए थे। अधिकांश की हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई। कुछ की हालत ठीक नही होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया था। कलेक्टर ने बताया कि एक टीम को रात में ही जांच के लिए गांव भेजा है। वहीं, खाद्य एवं औषधी विभाग के निरीक्षक ने भी मौके पर जाकर जांच कर नमूने लिए है।
कलेक्टर बैंस ने बताया कि स्टाफ की कमी होने पर जिले के अन्य क्षेत्रों से स्वास्थ्य अमले को बुलाया है। बड़ी संख्या में उल्टी-दस्त एवं पेट दर्द का शिकार मरीजों के पहुंचने पर यहॉ बिस्तर कम पड़ने पर मरीजों को जमीन पर लिटा कर उपचार दिया गया।


