BJP के युवा नेता की रहस्यमय परिस्थिति में मौत

BJP के युवा नेता की रहस्यमय परिस्थिति में मौत

कोलकाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का एक नेता अर्जुन चौरसिया शुक्रवार को कोलकाता के कोसीपुर में रेलवे के खाली पड़े मकान में लटका पाये जाने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो गये हैं।
युवा भाजपा नेता को पिछले साल दो मई से ही कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिल रही थी। वह आज रेलवे के एक खाली पड़े एक क्वार्टर में लटके पाए गए।
मृतक के परिजनों ने दावा किया कि वह (अर्जुन चौरसिया) एक भाजपा कार्यकर्ता था और उसे पिछले एक साल से जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, भाजपा के युवा नेता की मौत की खबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दी गयी है, जो इस समय उत्तर बंगाल की यात्रा पर हैं। शाह के आज कोलकाता आने की संभावना है।
इस घटना के बाद शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके पहुंचने पर किसी तरह का स्वागत समारोह आयोजित करने से मना कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री पीड़ित परिवार से मिलने कोसीपुर भी जा सकते हैं।
भाजपा के लोकसभा सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया है कि भाजपा के युवा नेता की हत्या करके उन्हें लटका दिया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस के अलावा लालबाजार की मानव हत्या इकाई भी इस घटना की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार शाम को घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *