जोधपुर में दो पक्षों में पथराव के बाद तनाव व्याप्त
राजस्थान के जोधपुर में सोमवार देर रात मामूली बात को लेकर दो पक्षों में झगड़े के बाद पथराव की घटना के बाद तनाव व्याप्त हो गया।

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में सोमवार देर रात मामूली बात को लेकर दो पक्षों में झगड़े के बाद पथराव की घटना के बाद तनाव व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालोरी गेट क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग घायल हो गए। देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे झंडा लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद होने पर झगड़ा हो गया और जालोरी गेट चौराहे पर पत्थराव शुरू हो गया। मौके पर पुलिस और आरएसी का जाब्ता पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों के लोगों से समझा कर मामला शांत कराया। लेकिन बाद में एक पक्ष के लोग वापस लौटने पर फिर तनाव पैदा हो गया। देर रात करीब डेढ़ बजे बैरिकेड्स गिरा दिए और फिर पथराव शुरू हो गया। इसमें एक मीडियाकर्मी, पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग घायल हो गए।
इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस जाब्ता ईदगाह रोड पर और जालोरी गेट चौराहे पर तैनात किया गया। जालोरी गेट की ओर आने वाले कई रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद किया गया। देर रात सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास भी मौके पर पहुंची।
घटना के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा “जालोरी गेट पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।




