नहर में डूबे युवक का शव बरामद, परिजनों में चीख पुकार मची

नहर में डूबे युवक का शव बरामद, परिजनों में चीख पुकार मची

शामली। रविवार को दोस्तों के साथ नहर में नहाने के दौरान डूबे युवक वीशू का दूसरे दिन नहर से बरामद हो गया। पुलिस ने रोहतक से बुलाए गए विशेष गोताखोरों की मदद से शव को बरामद कर लिया। युवक का शव मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर शहर के मौहल्ला पंसारियान निवासी 18 वर्षीय वीशू सैनी अपने आधा दर्जन साथियों के साथ पूर्वी यमुना नहर में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वीशू अचानक नहर के गहरे कुंड में समा गया, साथियों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो साथियों ने आदर्श मंडी थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर कैराना से गोताखोर भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने नहर में वीशू की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं परिजन भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए जिनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वीशू के पिता ने उसके दोस्तों पर ही वीशू को नहर में धक्का देने का आरोप लगाते हुए आदर्श मंडी थाने पर तहरीर दी थी जिसके बाद पुलिस ने सभी युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की थी। परिजनों का कहना है कि उसके किसी साथी ने फोन कर उसे घर से बुलाया था। सोमवार को भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं पुलिस द्वारा रोहतक से विशेष गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया जिन्होंने कडी मशक्कत के बाद दोपहर बाद आखिरकार वीशू के शव को नहर से बरामद कर लिया। जैसे ही वीशू का शव बरामद हुआ, परिजनों में चीख पुकार मच गयी। शव देखते ही परिजन बेसुध हो गए जिन्हें अन्य लोगों ने किसी प्रकार संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *