
गुडग़ांव (अशोक): अक्षय तृतीया पर इस बार पंच महायोग बन रहा है।
अक्षय तृतीया का पर्व आज मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। कोरोना काल
के बाद इस बार अक्षय तृतीया पर सोने की खरीददारी करने के प्रति लोग बड़े
उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सोने की खरीददारी के लिए एडवांस
बुकिंग भी करा दी है, ऐसा बताया जाता है। अक्षय तृतीया पर सभी मांगलिक
कार्य, विवाह, खरीददारी व निवेश आदि करने का विशेष महत्व बताया जाता है।
ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि अक्षय तृतीया पर केदार, शुभकत्री, उभयचरी,
विमल और सुमुख नाम के 5 राजयोग भी बन रहे हैं। इनके अलावा अक्षय तृतीया
पर शोभंग और मातंग नाम के 2 अन्य शुभ योग भी रहेंगे। साल के 4 अबूझ
मुहूर्त में से अक्षय तृतीया भी एक शुभ मुहूर्त है। उनका कहना है कि इस
दिन कोई भी मांगलिक कार्य बिना सोच-विचार के किए जा सकते हैं। सोने की
खरीददारी का इस दिन विशेष महत्व है। हालांकि इस बार कोरोना संक्रमण का भय
पिछले वर्षों की अपेक्षा काफी कम है लेकिन बाजारों में अच्छी खासी रौनक
है। जिससे ज्वैलर्स भी काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। उनको उम्मीद है
कि इस वर्ष उनकी अच्छी खासी बिक्री होगी। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि
अक्षय तृतीया पर घर में समृद्धि आती है। शादी-विवाह के लिए आयोजनों में
भी लोग जुटे हुए हैं। उधर यातायात पुलिस ने भी आज शादी विवाह के कारण
यातायात अवरुद्ध न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था कर ली है।




