बिजली की आंखमिचौली से परेशान ग्रामीणों ने बिजली निगम के एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
रात्रि में भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न रहने के कारण लोगों को बैठकर रात गुजारनी पड़ रही है।

गुडग़ांव। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगातार चरमराती जा रही है। बिजली के आने और जाने का कोई समय नहीं है। रात्रि में भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न रहने के कारण लोगों को बैठकर रात गुजारनी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है। गांव खांडसा क्षेत्र की आरडब्ल्यूए ने भाजपा युवा मोर्चा के अवनीश राघव व सुरेंद्र यादव की अगुवाई में बिजली निगम के कादीपुर स्थित निगम कार्यालय में एसडीओ को ज्ञापन देकर मांग की है कि पिछले एक माह से बिजली आपूर्ति बाधित है। कई-कई घंटे बिजली की कटौती की जा रही है। आवासीय क्षेत्रों के साथ-साथ औद्योगिक व ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की कटौती जारी है जिससे हर कोई परेशान है। उन्होंने एसडीओ से मांग की है कि इंडस्ट्रियल फीडर से जो घरेलू कनेक्शन दिए हुए हैं, उन्हें घरेलू फीडर से जोड़ा जाए ताकि बिजली की आपूर्ति में कुछ सुधार हो सके। क्षेत्रवासियों ने बिजली निगम को चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं कराया गया तो ग्रामीण बिजली निगम के खिलाफ कदम उठाने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी बिजली निगम की ही होगी। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में बड़ी संख्या में ग्रामीण व आरडब्ल्यूए से जुड़े लोग भी शामिल रहे।




