बागपत। उत्तर प्रदेश की हर जिले से कुछ चुनिंदा ग्राम पंचायत को मॉडल बनाने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान की ओर से लखनऊ में चल रहा ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सचिवों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आज सम्पन्न हो गया।
अब इस प्रशिक्षण के बाद प्रदेश की चयनित ग्राम सभा अपना मॉडल रूप ले सकेंगी।
इस प्रशिक्षण में बिनौली ब्लॉक के फजलपुर सुंदरनगर ग्राम पंचायत के प्रधान सुधीर राजपूत ने भी भाग लिया था। लखनऊ में दो दिन तक चले इस प्रशिक्षण का आज समापन हो गया। लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे ग्राम प्रधान सुधीर राजपूत ने बताया कि अब ग्राम पंचायत को आदर्श व मॉडल गांव बनाने की दिशा में तीव्र गति से विकास कार्य होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद उनको गांव को मॉडल रूप देने के लिए कार्य योजना बनाने के लिए ग्राम्य विकास संस्थान लखनऊ की ओर से प्रमाणपत्र भी दिया गया। उन्होंने बताया कि अगले 2 महीने की कार्य योजना को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने बताया गया इसको पूरा करने के लिए सभी ग्रामवासियों का सहयोग अपेक्षित रहेगा। आदर्श ग्राम के चयन होने पर ग्रामवासियों ने अपनी खुशी का इजहार किया है।


