श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी को मार गिराया हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी हैं।
पुलिस ने आज यहां बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान पुलवामा के मित्रिगम इलाके में मुठभेड़ शुरू हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “जब सुरक्षा बल संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर रहे थे तो आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हुई, मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक घेराबंदी के बाद, जैश-ए-मोहम्मद के एक विदेशी सहित दो से तीन आतंकवादी इलाके में फंस गए हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती गोलाबारी के बाद नागरिकों को निकालने का अभियान रोक दिया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा, “फंसे हुए आतंकवादियों को जल्द से जल्द मार गिराया जाएगा।”
कश्मीर में इस महीने यह 13वीं मुठभेड़ है, जिसमें 20 आतंकवादी मारे गए हैं। चार सुरक्षाकर्मी भी ड्यूटी के दौरान शहीद हो चुके हैं।


