थानाध्यक्ष से लेकर मंडलायुक्त तक, अफसरों को नहीं मिलेगा 4 मई तक अवकाश

थानाध्यक्ष से लेकर मंडलायुक्त तक, अफसरों को नहीं मिलेगा 4 मई तक अवकाश

लखनऊ (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार ने त्यौहारी समय को देखते हुए प्रदेश में थाना प्रभारी से लेकर मंडल आयुक्त तक सभी अधिकारियों को आगामी चार मई तक कोई अवकाश नहीं मिलने और प्रदेश में शोभायात्रा या जुलूस आदि बिना पूर्व अनुमति के नहीं निकालने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को प्रदेश में सुदृढ कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिये गृह विभाग की बैठक में धार्मिक आयोजन के दौरान सड़क बाधित नहीं होने देने और माइक का प्रयोग प्रदूषण मानकों के तहत किये जाने संबंधी दिशा निर्देश जारी किये गये। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि हालिया दिनों में विभिन्न धर्मों के कई पवित्र पर्वों का आयोजन हुआ। यह सुखद है कि पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। उन्होंने आगे भी धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा निगरानी बरतने को कहा।
योगी ने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है, इसके अलावा आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व हैं। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार और अक्षय तृतीया एक ही दिन होना संभावित है। ऐसे में वर्तमान परिवेश को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त संवेदनशील रहना होगा। थानाध्यक्ष से लेकर एडीजी तक अगले 24 घंटे के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठित जनों के साथ सतत संवाद बनाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर एक पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हो, इसके लिए स्थानीय जरूरतों के दृष्टिगत सभी जरूरी प्रयास किए जायें। उन्होंने कहा कि शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ प्रशासन कड़ाई से पेश आये। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाये। इसके अलावा धार्मिक कार्यक्रम, पूजा-पाठ आदि निर्धारित स्थान पर ही होने का निर्देश देते हुए योगी ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान यह सुनिश्चित करें कि सड़क मार्ग, यातायात बाधित न हो।
पर्व त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने तहसीलदार, एसडीएम, थानाध्यक्ष, और सीओ आदि अधिकारियों को अपनी तैनाती के क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय आवास हैं तो उनमें रहें अथवा किराए का आवास लें, लेकिन रात्रि में अपने ही क्षेत्र में रहें। इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये।
योगी ने कहा कि अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार सभी को अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। ऐसे में माइक का प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित हो कि माइक की आवाज़ उस परिसर से बाहर न आये। अन्य लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि नये स्थलों पर माइक लगाने की अनुमति न दें।
उन्होंने कहा कि कोई शोभायात्रा या धार्मिक जुलूस बिना विधिवत अनुमति के न निकाली जाये। अनुमति देने से पूर्व आयोजक से शांति-सौहार्द कायम रखने के संबंध में शपथ पत्र लिया जाये। अनुमति केवल उन्हीं धार्मिक जुलूसों को दी जाये, जो पारंपरिक हों, नए आयोजनों को अनावश्यक अनुमति न दी जाये।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी और पुलिस कप्तान से लेकर जिलाधिकारी और मंडलायुक्त तक सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का 04 मई तक का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त होगा। जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, अगले 24 घंटे के भीतर तैनाती स्थल पर वापस लौटें। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस व्यवस्था का अनुपालन होना सुनिश्चित कराया जाये।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश देते हुए कहा कि ड्रोन का उपयोग कर स्थिति पर नजर रखें। हर दिन सायंकाल पुलिस बल ‘फूट पेट्रोलिंग’ जरूर करे और पीआरवी 112 एक्टिव रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *