पैसों के विवाद में दो लोगों ने एक-दूसरे को फावड़े से काट डाला

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये के विवाद में दो लोगों ने एक-दूसरे की फावड़े से काटकर जान ले ली। इस खूनी वारदात में एक ही फावड़े का इस्तेमाल हुआ। मृतकों में एक डेयरी संचालक और दूसरा क्लीनिक चलाता था। घटना का पता चलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के गांव सदरपुर निवासी ब्रजपाल गांव में दूध की डेयरी चलाता था। ब्रजपाल के भाई अजय उर्फ सोनू ने पड़ोस के गांव दुहाई के रहने वाले चिकित्सक विकास से वर्ष 2016 में पांच लाख रुपये उधार लिए थे। अजय समय पर रकम नहीं लौटा सका था। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे ब्रजपाल अपने 16 वर्षीय भांजे के साथ ट्रैक्टर पर दुहाई स्थित खेत पर आया था। इसी दौरान बाइक से विकास भी वहां से गुजरा तो ब्रजपाल को देखकर रुक गया। रुपयों को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विकास ने ट्रैक्टर की चाबी निकाल ली। इस पर मामला बढ़ गया।

मौके पर पहुंची पुलिस
विकास ने बाइक पर रखा फावड़ा उठाकर ब्रजपाल पर वार कर दिया। हाथ में फावड़ा लगने से तैश में आए ब्रजपाल ने फावड़ा छीनकर विकास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बुरी तरह लहूलुहान हुए विकास ने फावड़ा छीनकर ब्रजपाल के सिर पर वार कर दिए, जिससे ब्रजपाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं, विकास भी अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही दूरी पर मौजूद ब्रजपाल के भांजे ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस विकास को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, सीओ कविनगर रितेश त्रिपाठी ने मौका-मुआयना कर घटना का जायजा लिया।

बड़े भाई से कोई विवाद ही नहीं था 
ब्रजपाल के छोटे भाई अजय उर्फ सोनू ने पुलिस को बताया कि विकास से पैसों का लेनदेन उसका था। इस लेनदेन से उसके बड़े भाई ब्रजपाल का कोई लेना देना नहीं था। वहीं, उसका भाई ब्रजपाल कभी-कभार ही खेत पर जाता था। अजय ने बताया कि पांच लाख रुपये में से वह तीन लाख रुपये लौटा चुका है। इसके बावजूद विकास जबरदस्ती तगादा कर रहा था। इसी तैश में आकर वह उनके भाई से भिड़ गया। उसने भाई की जान ले ली और अपनी भी जान गवां दी। अजय ने बताया कि उसके भाई तीन बेटियों और एक बेटे के पिता थे। विकास की पत्नी रेखा संयुक्त अस्पताल पहुंच गई। पति की मौत का पता लगने पर वह दहाड़े मारकर रोने लगी। रेखा ने बिलखते हुए कहा कि ब्रजपाल पक्ष और उनके पति ने कारोबार में पैसे लगाए थे। उनके पति इधर-उधर से उठाकर दूसरे पक्ष को करीब डेढ़ करोड़ रुपये दे चुके हैं।

यह बोली पुलिस
मामले में एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने कहा कि रुपयों के लेनदेन के विवाद में दोनों लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी में दोनों ने एक-दूसरे पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसमें दोनों की जान चली गई। किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं पर मामले की जांच चल रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *