मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और वैगनआर कार की भिड़ंत, 4 लोगों की दर्दनाक मौत
प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रोडवेज बस और कार में टक्कर से हुआ

मुजफ्फरनगर: प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रोडवेज बस और कार में टक्कर से हुआ। सड़क हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। वहीं हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मारे गए एक युवक के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस का आई कार्ड मिला है और उसकी पहचान हो गई है। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सड़क पार करते युवक को बचाने में हुआ हादसा
मंसूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया, “NH-58 पर देवराना रिसॉर्ट के पास रोडवेज बस की टक्कर से एक कार पलट गई। कार में चार लोग सवार थे। जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 2 की मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।”

हादसे के दौरान मौजूद लोगों के अनुसार देवराना रिसोर्ट के पास हाईवे पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रही सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई।

