अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी पर हंगामा, रिश्तेदारों ने ACP पर किया हमला, FIR दर्ज

एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन और AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने खान के दो ठिकानों से अवैध पिस्टल भी बरामद की और 24 लाख रुपए का कैश भ बरामद हुआ है। ये गिरफ़्तारी इतनी आसान नहीं थी। खान के स्वजन और रिश्तेदारों ने पुलिसबल पर ही हमला बोल दिया जिसके बाद पुलिस को अतिरिक्त बल तक बुलाना पड़ा। पुलिस ने भी बिना देरी किये उनके समर्थकों और रिश्तेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।

एसीपी के साथ मारपीट की कोशिश
एसीबी चीफ मधुर वर्मा ने जानकारी दी कि अमानतुल्लाह के घर के बाहर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को उनके स्वजन और रिश्तेदारों का कड़ा विरोध झेलना पड़ा। यहाँ तक कि एसीबी के एक एसीपी के साथ मारपीट तक करने की कोशिश की गई। इसके बाद एसीबी ने उनकी टीम पर हमला करने और तलाशी अभियान के दौरान हंगामा करने को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है।

अमानतुल्लाह पर क्या हैं आरोप?
बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली वक्फ बोर्ड के कामकाज में वित्तीय हेराफेरी और अन्य अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किया गया था। अमानतुल्लाह पर आरोप है कि उन्होंने सभी मानदंडों और सरकारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए 32 व्यक्तियों को अवैध रूप से नियुक्त किया। उन पर भ्रष्टाचार और पक्षपात करने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा अमानतुल्लाह पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में बोर्ड की कई संपत्तियों को अवैध रूप से किराए पर दिया था। अमानतुल्ला ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के धन का कथित रूप से दुरुपयोग किया था जिसमें दिल्ली सरकार से सहायता अनुदान शामिल है।

अमानतुल्लाह खान के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी
इस संबंध में ACB टीम ने अमानतुल्लाह खान के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने उनके करीबियों के यहाँ से करीब 24 लाख रुपये कैश बरामद किये और 2 अवैध बिना लाइसेंस की पिस्टल भी मिली है। इसके अलावा कारतूस और गोला-बारूद भी बरामद किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *