खंडवा. मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति -जन जाति छात्र संघ ने गुरुवार को जनजातीय कार्यालय में सहायक आयुक्त का घेराव कर समस्याएं गिनाई। छात्र नेताओं ने सहायक आयुक्त विवेक पांडेय को ज्ञापन देकर कहा शासकीय महाविद्यालय आदिवासी बालक छात्रावास में कर्मचारियों की कमी है। छात्र भोजन पका रहे हैं। लंबे समय से छात्रावासों में पदस्थ कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए। जिलाध्यक्ष राहुल कनाड़े की अगुवाई में छात्र स्टेडियम के सामने एकत्रित हुए। रैली निकाल कर जनजातीय कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के सामने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।

ज्ञापन देकर कहा महाविद्यालय एवं उत्कृष्ट छात्रावासों में कोचिंग चालू कराई जाए। जुलाई में समय से प्रवेश नहीं लिए जाने पर सीटें खाली रह गई हैं। शहर में खाली सीटों को गरीब बच्चों को प्रवेश दिया जाए। छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता में सुधार कराया जाए। छात्रों को अभी तक स्कालरशिप नहीं मिली है तत्काल छात्रवृत्ति दिलाई जाए। छात्रों ने अन्य कई मांगों को लेकर आयुक्त को घेरा। आयुक्त ने छात्रों की मांग का हर संभव पूरी करने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस अवसर पर मनोज ओसवाल समेत सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

सहायक आयुक्त को छात्रों ने घेरा तो कुछ अधीक्षक व शिक्षक वहां पर मौजूद रहे। सभी को बुलाकर कहा, आप लोगों की कमियों को लेकर मुझे ये सब सुनना पड़ रहा है। आयुक्त ने समझाइश देकर शांत कराया। सहायक आयुक्त ने कहा, निरीक्षण कर व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।