यूपी के भदोही में रेलवे स्टेशन सुरियावां पर बुधवार को गोरखपुर-कोरला काशी एक्सप्रेस अप से गिरा एक गाजीपुर का युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। सीएचसी सुरियावां में प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रेन को जल्दबाजी में पकड़ने और खुद को संभालने के चक्कर में युवक लड़खड़ाता रहा और गिर गया। ट्रेन से गिरे युवक के ऊपर से ट्रेन होकर गुजर गई।

जानकारी के मुताबिक घायल युवक ट्रेन पर सवार होकर मुंबई जा रहा था। उक्त स्टेशन पर गिरकर लड़का गंभीर रुप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय राजू कश्यप पुत्र बच्ची निवासी अलीपुर मद्रा गाजीपुर उक्त ट्रेन पर सवार होकर मुंबई जा रहा था। ट्रेन सुरियावां स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो वह पानी लेने स्टेशन से बाहर चला गया। वह आ ही रहा था कि सीटी बजाते हुए ट्रेन आगे बढ़ने लगी। ट्रेन पकड़ने के प्रयास में वह दौड़ा और अनियंत्रित होकर प्लेटफार्म पर ही गिर पड़ा।

ट्रेन छूटने के डर से दोबारा पकड़ने के प्रयास में युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। जानकारी है कि लड़का प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच में गिरा। इसके बाद वो वहां बिना हिले चुप चाप अपना चेहरा छिपाकर पड़ा रहा। ट्रेन के कई डिब्बे उसके ऊपर से गुजर गए। ट्रेन के वहां से गुजरते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग उसे बचाने भागे। लोगों ने ट्रेक पर गिरे लड़के को उठने में सहारा दिया और उसे प्लेटफॉर्म पर लेटाया।
सिर में गंभीर चोट लगने के साथ उसका अंगूली भी कट गई। ट्रेन आगे बढ़ने के बाद 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सुरियावां में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद लड़के को वाराणसी रेफर कर दिया गया।