नयी दिल्ली। मध्य प्रदेश स्थित टेलीमेडिसिन हेल्थकेयर स्टार्टअप मेडीसेवा ने एआईसी आरएनटीयू भोपाल से स्टार्टअप इंडिया सीड फंड योजना के तहत प्री-सीरीज फंडिंग के रूप में 1.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि उसको मोहित गुलाटी, मंदार जोशी, यामिका मेहरा, अंकिता वशिष्ठ, आरती गुप्ता और डॉ. विवेक बिंद्रा जैसे एंजेल निवेशकों के समूह से भी निवेश मिला है, जिसका नेतृत्व हॉर्सेज स्टेबल ने ग्रामीण भारत में ‘मेडीसेवा केंद्र’ की महत्वाकांक्षी पहल के तहत मजबूत नेटवर्क तैयार करने के लिए किया था। महामारी ने भारत में हेल्थकेयर सुविधाओं की अनुपलब्धता को सामने रखा था, विशेषरूप से ग्रामीण क्षेत्रों और दूरदराज के गांवों में। स्टार्टअप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारत के प्रत्येक ग्रामीण को उनके नजदीक ही कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाले डॉक्टर और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। स्टार्टअप सतत स्थानीय पहुंच के साथ टियर 2 और टियर 3 क्षेत्रों में मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
ग्रामीण भारत में टेलीमेडिसिन पर केंद्रित इस हेल्थ-टेक स्टार्टअप ने पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, अस्पताल में भर्ती, एम्बुलेंस और होम केयर सेवाओं जैसी कंसल्टेशन एवं सर्विसेज प्रदान करने वाले मेडीसेवा केंद्र स्थापित किए हैं। इस प्रकार, यह स्टार्टअप वर्चुअल कंसल्टेशन से लेकर सर्जरी कराने और डायग्नोस्टिक टेस्ट से लेकर मेडिकल रिकॉर्ड को डिजिटल करने तक सभी पहलुओं को कवर करता है। स्टार्टअप ने अपने आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने और मजबूत करने के लिए फंड के उपयोग की योजना बनाई है, जिससे एक ही छत के नीचे मरीजों को संपूर्ण सेवा देने के लिए अपने पोर्टफोलियो में सर्विसेज को बढ़ा सके और ग्रामीण सेक्टर में आसानी से सर्विसेज देने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों को जोड़ा जाए।

